नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र शुक्रवार को राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया है। डीएमआरसी के अनुसार, 24 जुलाई सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी।
तीन स्टेशनों पर केवल लाइन बदलने की सुविधा
डीएमआरसी ने बताया कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर केवल लाइन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्री इन स्टेशनों पर ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सर्वोच्च न्यायालय, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
प्रदर्शन के चलते लिया गया फैसला
डीएमआरसी के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। प्रदर्शन के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
डीएमआरसी ने यात्रियों से यात्रा से पहले नवीनतम जानकारी की जांच करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। साथ ही मेट्रो सेवा से जुड़े ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक माध्यमों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
