26.7 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

भारत-नेपाल सीमा पर ‘वारिस पंजाब दे’ का सदस्य गिरफ्तार, अमेरिकी नागरिक भी हिरासत में

बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल के संयुक्त अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई है। रूपईडीहा सीमा क्षेत्र में जांच के दौरान प्रतिबंधित संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े वांछित आरोपी को एक अमेरिकी नागरिक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं दोनों को भारत में प्रवेश कराने के आरोप में तीन स्थानीय लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। मामले के सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है।

वर्ष 2023 के अजनाला हमले का आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान विक्रमजीत सिंह निवासी रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2023 में अजनाला थाना हमले के मामले में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह नेपाल में कथित रूप से फर्जी पहचान और दस्तावेजों के सहारे रह रहा था।

उसके साथ पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मनवीर सिंह ढिल्लों के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब के मोगा का निवासी है और वर्तमान में अमेरिकी नागरिक है। दोनों नेपाल के रास्ते बिना वैध भारतीय वीजा के भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।

हालांकि मनवीर सिंह ढिल्लों की पत्नी और बच्चों के यात्रा दस्तावेज वैध पाए गए। निर्धारित आव्रजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें नियमानुसार भारत में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।

तीन स्थानीय लोग भी हिरासत में

जांच के दौरान पुलिस और सशस्त्र सीमा बल ने अवैध रूप से सीमा पार कराने और परिवहन की व्यवस्था करने के आरोप में तीन स्थानीय लोगों को भी हिरासत में लिया है। इनमें सुरेश कुमार पाठक, दिलीप उपाध्याय और वाहन चालक राहुल कुमार शामिल हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों से अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा सीमा पार गतिविधियों में उनकी क्या भूमिका रही है। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और निगरानी भी बढ़ा दी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख