29.6 C
Kolkata
Wednesday, July 22, 2026

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में अगले 48 घंटे सतर्क रहने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने से भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, कोरबा, धमतरी, गरियाबंद, मुंगेली, बलौदाबाजार, बस्तर और बेमेतरा जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले पांच दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

धमतरी में बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बांधों का जलस्तर बढ़ गया है और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

कई क्षेत्रों में हुई भारी वर्षा

पिछले 24 घंटे के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ में सबसे अधिक 13 सेंटीमीटर, पेंड्रा में 12 सेंटीमीटर तथा पुसौर और तमनार में 10-10 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा सारंगढ़, मालखरौदा, अकलतरा, धाभरा, बलौदा, कुकरेल, खरसिया, मस्तूरी, नवागढ़, छिंदगढ़, जांजगीर, नारायणपुर, मरवाही, गीदम और कई अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में पिछले 24 घंटों में 53.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, जिससे इस मानसून सत्र में जिले में सामान्य से 128.4 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

Related Articles

नवीनतम लेख