मस्कट। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय हैं और अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए मजबूत दावेदार बनकर उभरी हैं।
पुरुष टीम ने पाकिस्तान और ओमान को हराया
भारतीय पुरुष टीम ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 7-4 से हराया। भारत की ओर से करण गौतम ने हैट्रिक जमाते हुए तीन गोल किए। राहुल यादव, प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया।
इससे पहले भारत ने मेजबान ओमान को 14-0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल किए, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक लगाई। राहुल यादव और शाहरुख अली ने दो-दो गोल किए। प्रह्लाद राजभर, करण गौतम और रोमित पाल ने भी गोल दागे।
महिला टीम ने चीन से ड्रॉ, उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया
भारतीय महिला टीम ने एलीट पूल में चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला। नौशीन नाज ने लगातार दो गोल कर भारत को बढ़त दिलाई, लेकिन अंतिम मिनटों में चीन ने बराबरी का गोल कर मुकाबला ड्रॉ करा दिया।
इसके बाद भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 16-0 से करारी शिकस्त दी। नौशीन नाज ने चार गोल किए, जबकि संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर ने हैट्रिक लगाई। दिया और पुष्पा मांझी ने दो-दो गोल किए। किरण एक्का और नीलम टोपनो ने भी गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।
एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में जगह बनाने की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं।
