रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रांची रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार ने मंगलवार को बताया कि ऑपरेशन “नारकोस” के तहत आरपीएफ और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के वीआईपी गेट के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में काले और हरे रंग का स्काई बैग लेकर बैठा मिला।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पदरौना थाना क्षेत्र के मटियारवा गांव निवासी 19 वर्षीय बृजराज यादव के रूप में बताई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें चार पैकेटों में कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से गोरखपुर ले जाया जा रहा था गांजा
आरोपित ने पूछताछ में बताया कि मेहंदी अंसारी नामक व्यक्ति ने उसे ओडिशा के संताला से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम दिया था। इसके बदले प्रति किलोग्राम एक हजार रुपये देने का वादा किया गया था। उसने यह भी बताया कि रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की जांच देखकर मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया।
आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गांजा जब्त कर लिया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपित और बरामद गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजीत कुमार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम के आरक्षक दिलीप कुमार जितरवाल सहित अन्य जवान शामिल रहे।
