26.4 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

चतरा में युवक का शव मिलने पर सड़क जाम, हत्या की आशंका

चतरा। जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी गांव के पास चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) किनारे मंगलवार को एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतक की पहचान घंघरी निवासी महाबीर यादव के पुत्र मुकेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-22 जाम कर प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण चतरा से बिहार के गया सहित अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

सूचना मिलने पर वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख