रांची। शिया समुदाय की ओर से हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में चार अगस्त को रांची में चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को लेकर समुदाय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
सुबह 10 बजे अनवर आर्केड से निकलेगा जुलूस
शिया समुदाय के प्रतिनिधि सैयद फराज अब्बास ने शनिवार को बताया कि चेहल्लुम का मातमी जुलूस मुहर्रम की 10वीं तारीख (आशूरा) के 40 दिन बाद निकाला जाता है। यह दिन कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि देने और उनके बलिदान व संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि चार अगस्त को सुबह 10 बजे मेन रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर लेन में स्वर्गीय अधिवक्ता सैयद यावर हुसैन के आवास ‘अनवर आर्केड’ से जुलूस शुरू होगा। यह मेन रोड, अंजुमन प्लाजा चौक, उर्दू लाइब्रेरी, डेली मार्केट, ओल्ड टैक्सी स्टैंड, गांधी चौक, काली मंदिर चौक, चर्च रोड, विक्रांत चौक और कर्बला चौक होते हुए कर्बला पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
मातम और नौहाख्वानी से दी जाएगी श्रद्धांजलि
आयोजकों के अनुसार, जुलूस के दौरान अकीदतमंद मातम और नौहाख्वानी के माध्यम से हजरत इमाम हुसैन तथा कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जुलूस के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग का भी अनुरोध किया गया है।
