30.1 C
Kolkata
Thursday, July 16, 2026

सीवान में साड़ी दुकान में भीषण आग, 25 लाख की संपत्ति राख

सीवान। नगर थाना क्षेत्र के दरबार सिनेमा के समीप स्थित एक साड़ी दुकान में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 25 लाख रुपये मूल्य की साड़ियां, रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

सुबह मिली आग लगने की सूचना

दुकान संचालक शेषनाथ मिश्रा ने बताया कि बुधवार रात दुकान बंद करने से पहले उन्होंने मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर ताला लगाया था। उस समय सब कुछ सामान्य था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे आसपास के लोगों ने फोन कर दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। तब तक अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट चुके थे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच की मांग

आग में बड़ी संख्या में साड़ियां, रेडीमेड कपड़े, फर्नीचर, काउंटर, कंप्यूटर, बिलिंग मशीन, सीसीटीवी प्रणाली, बिजली के उपकरण और अन्य सामान नष्ट हो गया। दुकानदार के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अंतिम आकलन अभी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन दुकान बंद करने से पहले मुख्य बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। ऐसे में आग कैसे लगी, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पीड़ित व्यवसायी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी। घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने भी प्रशासन से उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता देने की मांग की।

Related Articles

नवीनतम लेख