पटना। पटना के चर्चित बंटी यादव अपहरण एवं हत्या कांड का मुख्य आरोपित रवीश उर्फ बसिया गुरुवार सुबह बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है।
नेपाल भागने की फिराक में था आरोपित
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि सात जुलाई को कोतवाली थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिली थी। बाद में उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद हुआ। मामले की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था।
जांच के दौरान सूचना मिली कि मुख्य आरोपित नाव के जरिए नेपाल भागने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न घाटों पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपित ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसकी एक गोली पुलिस वाहन पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी।
कट्टा और कारतूस बरामद, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। घायल आरोपित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे वर्चस्व की लड़ाई का मामला सामने आया है। कांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
