नई दिल्ली। भगवान श्री जगन्नाथ की पवित्र रथयात्रा के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई केंद्रीय नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सुख, शांति, समृद्धि तथा सद्भाव की कामना की।
राष्ट्रपति ने देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भक्तों और भगवान के मिलन का अद्वितीय पर्व है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर महाप्रभु श्री जगन्नाथ, चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भक्तों के बीच आते हैं। राष्ट्रपति ने प्रार्थना की कि महाप्रभु की कृपा से देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि निरंतर बढ़ती रहे।
उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष ने बताया आस्था व सद्भाव का प्रतीक
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि रथयात्रा आस्था, भक्ति, समानता और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। यह लोगों को सभी मतभेदों से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बांधती है और सत्य तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति की शाश्वत चेतना का दिव्य उत्सव है। यह केवल श्रद्धा और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सनातन सांस्कृतिक परंपरा, सेवा, सद्भाव और जनकल्याण का जीवंत प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा धर्म, कर्तव्य, विनम्रता और समाज के व्यापक कल्याण के लिए समर्पण का संदेश देती है।
केंद्रीय मंत्रियों ने भी दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा अटूट आस्था, विश्वास और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि रथयात्रा का पावन पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भगवान श्री जगन्नाथ से सभी के जीवन में खुशियां, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रार्थना की।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि रथयात्रा भारत की सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव की जीवंत पहचान है। वहीं केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कामना की कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की दिव्य रथयात्रा पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव का संदेश फैलाए।
