कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन समेत देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस पनकी धाम स्टेशन अब धार्मिक पर्यटन और स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री ने जालंधर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज मंडल के पनकी धाम, फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशनों सहित देश के 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया। पनकी धाम स्टेशन परिसर में भी उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ स्टेशन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध पुनर्विकास किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत को स्टेशन की पहचान से जोड़ना है।
पनकी धाम स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग सुविधा, प्रतीक्षालय, शौचालय, उन्नत प्लेटफॉर्म, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक संकेतक और स्थानीय कला को दर्शाने वाले आकर्षक तत्व विकसित किए गए हैं।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि पनकी धाम रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप कानपुर के लिए गौरव की बात है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि पनकी धाम भगवान पंचमुखी हनुमान मंदिर के कारण श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। आधुनिक स्टेशन बनने से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आयोजित चित्रकला, पेंटिंग, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, पूनम संखवार, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई समेत रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
