उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बड़ा हादसा हो गया। टनल के भीतर कंक्रीट की लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरने से झारखंड के 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर शव को बाहर निकाल लिया गया।
टनल के भीतर 900 मीटर अंदर हुआ हादसा
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा रात करीब दो बजे बड़कोट की ओर से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। निर्माणाधीन टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर श्रमिक पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और तथ्यात्मक प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हैं। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
जिलाधिकारी ने दिए जांच और सहायता के निर्देश
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के वास्तविक कारणों की जांच, कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की समीक्षा और पूरे घटनाक्रम का विस्तृत आकलन करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने और टनल में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
