रांची। रांची के रातू थाना क्षेत्र में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित युवक के साथ रातू गई थी। इसी दौरान युवक के दोस्तों ने उसे बंधक बना लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वारदात में सात से आठ लोग शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना 12 जुलाई की है। पीड़िता ने 14 जुलाई की देर शाम रातू थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान की और गिरफ्तारी अभियान शुरू किया।
अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने बताया कि अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ और लोगों की संलिप्तता सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
