रामगढ़। रामगढ़ पुलिस के ऑपरेशन भरोसा के तहत गुम और चोरी हुए 125 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए। बुधवार को टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पिछले एक वर्ष के दौरान जिले में दर्ज गुम और चोरी हुए मोबाइल की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विभिन्न जिलों से मोबाइल बरामद किए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑपरेशन भरोसा का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से गुम हुए मोबाइल की जानकारी तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील की। इसके माध्यम से मोबाइल को खोजने, ब्लॉक करने और मिलने पर दोबारा सक्रिय करने की सुविधा उपलब्ध है।
कई जिलों से बरामद किए गए मोबाइल
ऑपरेशन के तहत रामगढ़ जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने अभियान चलाकर मोबाइल बरामद किए। इनमें रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों से भी मोबाइल खोजकर वापस लाए गए।
सबसे अधिक 30 मोबाइल रामगढ़ थाना पुलिस ने बरामद किए। इसके अलावा गोला थाना ने 20, पतरातू थाना ने 14, मांडू थाना ने 10, कुजू ओपी ने 10, रजरप्पा थाना और भुरकुंडा ओपी ने 9-9, भदानीनगर ओपी ने 7, वेस्ट बोकारो ओपी ने 6, बरलंगा थाना ने 5, बासल थाना ने 3 और बरकाकाना ओपी ने 2 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा, मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक अकरम राजा सहित जिले के विभिन्न थाना और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।
