पूर्वी सिंहभूम। नवल टाटा हॉकी अकादमी के कैडेट आशीष तानी पूर्ति का चयन ओमान के मस्कट में आयोजित होने वाली पुरुष यूथ हॉकी 5 एस एशिया चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह झारखंड से इस टीम में चुने जाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
आशीष इससे पहले जापान के काकामिगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम की स्वर्ण पदक जीत का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
राष्ट्रीय शिविर के बाद मिला मौका
पंजाब विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान देशभर के 15 खिलाड़ियों में से अंतिम 10 सदस्यीय भारतीय टीम का चयन किया गया। हॉकी 5 एस के तेज प्रारूप को ध्यान में रखते हुए टीम में केवल दो विशेषज्ञ रक्षकों को शामिल किया गया, जिनमें आशीष तानी पूर्ति ने अपनी जगह बनाई।
उनके चयन से नवल टाटा हॉकी अकादमी और झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है। आशीष से एशिया चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
