जमशेदपुर । गोलमुरी थाना क्षेत्र के सिंधु रोड निवासी बदल कुमार कुंडू ने बैंक ऑफ बड़ौदा की गोलमुरी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत अन्य कर्मचारियों पर करीब 40 लाख रुपये के निवेश में कथित अनियमितता और गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने गोलमुरी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बुधवार को बैंक परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बदल कुमार कुंडू ने बताया कि वर्ष 2020 में बैंक अधिकारियों ने बेहतर प्रतिफल का भरोसा देकर उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए प्रेरित किया था। बैंक पर विश्वास करते हुए उन्होंने वर्ष 2020 से अब तक अलग-अलग चरणों में करीब 40 लाख रुपये का निवेश किया।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मकान निर्माण के लिए निवेश की राशि निकालने बैंक पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनकी दो पॉलिसियों में कुल मिलाकर केवल आठ लाख रुपये ही उपलब्ध हैं। यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शाखा प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
19 जून को दी थी लिखित शिकायत
बदल कुमार कुंडू ने बताया कि उन्होंने 19 जून 2026 को बैंक प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी थी, लेकिन अब तक न तो उनकी शिकायत का समाधान हुआ और न ही निवेश राशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारियों की लापरवाही अथवा मिलीभगत से उनकी मेहनत की कमाई का गबन हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और उनकी पूरी निवेश राशि वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं, समाचार लिखे जाने तक बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जाएगी।
