31.2 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर वनडे सीरीज की बराबरी की

गयाना। स्पिनर जेडेन लेनॉक्स के करियर के पहले फाइव विकेट हॉल की बदौलत न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली। प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लेनॉक्स ने 19 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रैसवेल ने दो-दो विकेट झटके।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। जॉन कैंपबेल (43) और अकीम ऑगस्टे (18) ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। इसके बाद न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने शानदार वापसी करते हुए लगातार विकेट चटकाए। सैंटनर ने कैंपबेल को पवेलियन भेजा, जबकि लेनॉक्स ने कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड समेत मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया।

कीसी कार्टी, गुडाकेश मोती, मैथ्यू फोर्ड, आमिर जंगू और विटेल लॉज भी स्पिन के सामने टिक नहीं सके। न्यूजीलैंड के स्पिनरों ने कुल नौ विकेट झटके और वेस्टइंडीज की पूरी टीम 36 ओवर में 138 रन पर सिमट गई।

लैथम ने दिलाई आसान जीत

139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। विल यंग (28), मार्क चैपमैन और हेनरी निकोल्स जल्दी आउट हो गए। इसके बाद डेरिल मिचेल (28) और टॉम लैथम ने पारी को संभाला और महत्वपूर्ण साझेदारी की।

मिचेल और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के आउट होने के बाद भी टॉम लैथम ने नाबाद 37 रन की संयमित पारी खेली। माइकल ब्रैसवेल के साथ मिलकर उन्होंने टीम को 32.4 ओवर में 141/5 तक पहुंचाकर पांच विकेट से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली है। अब श्रृंखला का फैसला तीसरे और अंतिम मुकाबले में होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख