31.2 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

स्कूल के पास शराब दुकान खुलते ही लाेगाें ने किया विराेध, बंद हुई दुकान

पूर्वी सिंहभूम। जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड (महाकालेश्वर रोड) स्थित सेंट जॉन हाई स्कूल के समीप सोमवार देर रात सरकारी शराब दुकान शुरू किए जाने का स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध किया। दुकान पर बोर्ड लगाए जाने और पूजा-अर्चना के बाद बिक्री शुरू होने की जानकारी मिलते ही आसपास की बस्तियों से बड़ी संख्या में लोग, विशेषकर महिलाएं, मौके पर पहुंच गए और जमकर प्रदर्शन किया। बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। विरोध इतना तीव्र था कि पहले ही दिन दुकान का संचालन बंद कराना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोली गई है, उसके आसपास घनी आबादी, स्कूल और धार्मिक स्थल मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में शराब की बिक्री शुरू होने से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और नशाखोरी को बढ़ावा मिलेगा। लोगों का आरोप था कि शहर में पहले से ही शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारण चोरी, छिनतई, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में रिहायशी इलाके के बीच शराब दुकान खोलना आम लोगों की सुरक्षा और शांति के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष नलिनी सिंह भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने मांग की कि स्कूल, मंदिर और रिहायशी क्षेत्र के बीच संचालित की जा रही शराब दुकान को तत्काल हटाया जाए ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।

सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की मांग और शिकायतों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। पुलिस के समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।

Related Articles

नवीनतम लेख