पलामू। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के रजवाडीह में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी, पति मिथलेश साव के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मनीषा उर्फ चंचला देवी की शादी अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव से हुई थी। शादी के करीब एक वर्ष बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मनीषा का लगभग दो माह का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि उसके पति मिथलेश साव रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतरा गांव में है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन ससुराल पहुंचे। मायके पक्ष का आरोप है कि मनीषा आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उनका कहना है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।
परिजनों ने मनीषा के देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
