31.2 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

कोडरमा में नाबालिग की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर हमला, प्रेमी मौके से भाग निकला

कोडरमा। जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के गरागड़गी गांव में सोमवार देर रात नाबालिग युवती की बरामदगी के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिसकर्मी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन अफरा-तफरी के बीच आरोपी युवक राहुल दास मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, जयनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छह जुलाई को राहुल दास के साथ घर से चली गई थी। युवती के पिता ने जयनगर थाना में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि राहुल उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।

बरामदगी के दौरान हुआ हमला

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग और उसका प्रेमी गरागड़गी गांव पहुंचे हैं। सूचना पर जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल और युवती की मां के साथ गांव पहुंचे। जैसे ही एक महिला पुलिसकर्मी आरोपी के घर का दरवाजा खोलकर अंदर जाने लगी, नाबालिग ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि पुलिसकर्मी ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया।

हमले के बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नाबालिग को अपने कब्जे में लिया। इस दौरान युवती ने हंगामा किया और उसके प्रेमी को भागने का मौका मिल गया। पुलिस के सामने युवती बार-बार कहती रही कि यदि उसके प्रेमी को कुछ हुआ तो वह आत्महत्या कर लेगी।

सखी केंद्र भेजी गई नाबालिग

पुलिस ने नाबालिग के पास से चाकू बरामद कर लिया और देर रात उसे सुरक्षित कोडरमा स्थित सखी केंद्र भेज दिया। वहीं फरार आरोपी राहुल दास की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख