अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के साइंस सिटी स्थित विज्ञान भवन में आयोजित ‘मिशन फाइव मिलियन ट्री’ कार्यक्रम में 405 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शहर को हराभरा और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान में भी हिस्सा लिया।
हरित विकास और परिवहन को मिली नई गति
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने हेरिटेज पार्क और 101 ऑक्सीजन पार्क-अर्बन फॉरेस्ट का लोकार्पण किया। वहीं, ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए बीआरटीएस नेटवर्क में 80 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की गई। इसके अलावा एएमटीएस के बेड़े में भी 75 नई वातानुकूलित बसें शामिल की गईं।
इसके साथ ही 60.68 करोड़ रुपये की लागत से बने 188 आधुनिक सरकारी आवासों का ई-लोकार्पण भी किया गया। बाद में अमित शाह ने भाड़ज, बोपल और वाडज समेत विभिन्न क्षेत्रों में सामूहिक वृक्षारोपण अभियान में भाग लिया।
एक दिन में 1.25 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का अभियान
अमित शाह ने कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में नागरिकों ने एक ही दिन में 1 करोड़ 25 लाख से अधिक पौधे लगाने का अभियान चलाया है। वहीं, अहमदाबाद शहर की तीनों लोकसभा सीटों पर अलग से 50 लाख पौधे लगाने का महाअभियान संचालित किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर लोग अपनी मां और धरती माता के सम्मान में पौधे लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय अर्धसैनिक बल भी पिछले सात वर्षों में 7 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा कर चुके हैं।
2029 तक 20 प्रतिशत हरियाली बढ़ाने का संकल्प
अमित शाह ने कहा कि गांधीनगर क्षेत्र में पहले केवल 12 पार्क थे, जबकि अब 61 नए ऑक्सीजन पार्क शुरू किए गए हैं। पूरे अहमदाबाद में 101 ऑक्सीजन पार्क विकसित किए गए हैं। उन्होंने इस पहल के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका और महापौर हितेश बारोट की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों तक पौधे पहुंचाने के लिए विशेष वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने वर्ष 2029 के चुनाव तक गांधीनगर क्षेत्र में 20 प्रतिशत हरियाली बढ़ाने का व्यक्तिगत संकल्प दोहराया। साथ ही कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र देश के प्रमुख सौर रूफटॉप क्षेत्रों में शामिल है और नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
28,492 करोड़ के विकास कार्यों का उल्लेख
अमित शाह ने बताया कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे तक 1,25,93,513 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब तक 28,492 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने नागरिकों से हर सोसायटी और मोहल्ले में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा घरों की छतों पर सौर रूफटॉप लगाने की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर अपने क्षेत्र को हरित और स्वच्छ बनाएं।
