28.2 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

झारखंड में 13-14 जुलाई को भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट

रांची । झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 13 और 14 जुलाई को राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 12 से 14 जुलाई के बीच कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं 14 जुलाई को उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

बारिश से मौसम हुआ सुहावना, तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है।

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 94.2 मिलीमीटर वर्षा जामताड़ा डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। इस दौरान राज्य का सर्वाधिक तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में, जबकि न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। रांची का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 24.0 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 24.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख