नई दिल्ली। भारत के बाएं हाथ के स्पिनर आर. साई किशोर एक बार फिर इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। 29 वर्षीय साई किशोर ने 2026 काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम छह मुकाबलों के लिए ग्लॉस्टरशायर के साथ अनुबंध किया है। वह 20 अगस्त से वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ चेल्टनहैम में होने वाले मुकाबले से टीम से जुड़ेंगे।
अंतिम छह मुकाबलों में निभाएंगे अहम भूमिका
साई किशोर इसके बाद डर्बीशायर और मिडिलसेक्स के खिलाफ ब्रिस्टल में तथा डरहम, लंकाशायर और केंट के खिलाफ होने वाले बाहर के मुकाबलों में भी ग्लॉस्टरशायर का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने तमिलनाडु के लिए 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 223 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 बार पांच विकेट और 11 बार चार विकेट लेने का कारनामा किया है।
इससे पहले साई किशोर 2025 में सरे की ओर से काउंटी चैंपियनशिप खेल चुके हैं। उस दौरान उन्होंने डरहम के खिलाफ मुकाबले में प्रतियोगिता का अपना पहला पांच विकेट हासिल किया था।
ग्लॉस्टरशायर से जुड़ने पर जताई खुशी
साई किशोर ने क्लब की ओर से जारी बयान में कहा कि वह ग्लॉस्टरशायर से जुड़ने का अवसर मिलने पर बेहद आभारी हैं। उन्होंने कहा कि क्लब का समृद्ध इतिहास और शानदार माहौल उन्हें काफी उत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा इंग्लैंड की परिस्थितियों में अपने खेल को परखना चाहते थे और प्रबंधन से बातचीत के बाद उन्हें लगा कि यही उनके लिए सबसे उपयुक्त जगह है। उन्होंने ब्रिस्टल और चेल्टनहैम में प्रशंसकों के सामने खेलने और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की इच्छा भी जताई।
वहीं, ग्लॉस्टरशायर के मुख्य कोच जॉन लुईस ने कहा कि साई किशोर एक अनुभवी और साबित स्पिनर हैं, जिनके आने से टीम को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सीजन के अंतिम चरण में इंग्लैंड की पिचें आमतौर पर स्पिन गेंदबाजी के लिए अनुकूल रहती हैं और उन्हें उम्मीद है कि साई किशोर टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
