सुपौल। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दुलारी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। खेत से पटुआ (जूट) लेकर ट्रैक्टर से बोराई कराने जा रहे किसान ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रेलर की चपेट में आने से गई जान
मृतक की पहचान दुलारी गांव निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम साह के रूप में हुई है। बताया गया कि वह ट्रैक्टर पर पटुआ लादकर बोराई कराने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। इसके बाद ट्रेलर का चक्का उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और किसान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पिपरा थाना के अपर थानाध्यक्ष सह प्रभारी थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
