29.8 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

अमेरिका के हमलों के बीच ईरान में तनाव बढ़ा, कतर, बहरीन और कुवैत में सुरक्षा अलर्ट

तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पश्चिम एशिया में हालात और गंभीर हो गए हैं। अमेरिका ने लगातार दूसरी रात ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए, जिसके बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सहयोगी देशों की ओर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जाने का दावा किया। इस बीच कतर, बहरीन और कुवैत में सुरक्षा अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के बुशहर, चाबहार, बंदर अब्बास, सिरिक, जास्क और अबू मूसा द्वीप सहित कई क्षेत्रों में रातभर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। हमलों में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर कथित हमलों के जवाब में की गई है।

कतर, बहरीन और कुवैत में हाई अलर्ट

अमेरिकी हमलों के बाद कतर, बहरीन और कुवैत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कतर में लोगों को घरों के भीतर रहने और अगली सूचना तक बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई। बाद में प्रशासन ने खतरा टलने की जानकारी देते हुए सामान्य गतिविधियां बहाल करने का संदेश जारी किया।

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कुछ ड्रोन और मिसाइलों को निष्क्रिय किए जाने की जानकारी दी, जबकि बहरीन ने भी एहतियाती सुरक्षा अलर्ट जारी किया। हालांकि संबंधित देशों ने हमलों से हुए संभावित नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी तेज

ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने कहा कि देश अपने क्षेत्र पर होने वाले हमलों का जवाब देगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान हमले जारी रखता है तो अमेरिका और अधिक कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा अमेरिका की प्रमुख प्राथमिकता है।

उधर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा कि ईरान को अपने कदमों की कीमत चुकानी होगी और आवश्यकता पड़ने पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख