29.8 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

नई दिल्ली। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 35 वर्षीय ब्यूमोंट भारत के खिलाफ 11 जुलाई से लॉर्ड्स में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के बाद अपने 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहेंगी। लॉर्ड्स में आयोजित होने वाला यह पहला महिला टेस्ट मैच उनके करियर का विदाई मुकाबला भी होगा।

साल 2009 में इंग्लैंड के लिए पदार्पण करने वाली टैमी ब्यूमोंट ने अपने करियर में 260 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह इंग्लैंड की ओर से महिला एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक 12 शतक लगाने वाली बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए हैं।

महिला टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली अंग्रेज बल्लेबाज

टैमी ब्यूमोंट ने वर्ष 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में 208 रन की शानदार पारी खेलकर इतिहास रचा था। वह महिला टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली इंग्लैंड की पहली बल्लेबाज बनी थीं। उनकी यह पारी आज भी महिला क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में गिनी जाती है।

संन्यास की घोषणा करते हुए ब्यूमोंट ने कहा कि इंग्लैंड के लिए करीब 17 वर्षों तक खेलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। अब समय आ गया है कि वह यह जिम्मेदारी नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को सौंपें।

2017 विश्व कप जीत में निभाई थी अहम भूमिका

टैमी ब्यूमोंट महिला क्रिकेट में पेशेवर केंद्रीय अनुबंध पाने वाली शुरुआती खिलाड़ियों में शामिल रहीं। वर्ष 2017 महिला एकदिवसीय विश्व कप में उन्होंने 410 रन बनाकर प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता और इंग्लैंड को विश्व विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि लॉर्ड्स में होने वाला पहला महिला टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने के लिए सबसे उपयुक्त अवसर है और इससे बेहतर विदाई की वह कल्पना भी नहीं कर सकती थीं।

घरेलू क्रिकेट खेलना रखेंगी जारी

टैमी ब्यूमोंट ने स्पष्ट किया कि वह केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रही हैं। वह घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगी और द ब्लेज़ तथा बर्मिंघम फीनिक्स की ओर से द हंड्रेड सहित अन्य घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रहेंगी।

Related Articles

नवीनतम लेख