30.7 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

चेतना सत्र के बाद चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, एक अस्पताल में भर्ती

सुपौल। जिले के निर्मली नगर स्थित कन्या मध्य विद्यालय में शनिवार को चेतना सत्र के बाद कक्षा में पढ़ाई के दौरान चार छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्राओं को चक्कर, घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने पर विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक छात्रा को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने छात्राओं को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इनमें से एक छात्रा की तबीयत अधिक खराब होने पर उसे इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहीं, अन्य तीन छात्राओं की स्थिति प्राथमिक उपचार और आराम के बाद सामान्य बताई गई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक बद्री नारायण वर्मा ने बताया कि नियमित चेतना सत्र के बाद सभी छात्राएं अपनी-अपनी कक्षाओं में पहुंची थीं। उपस्थिति दर्ज करने के दौरान अचानक चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई।

गर्मी और उमस को माना जा रहा संभावित कारण

घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के अभिभावक विद्यालय और अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार, भर्ती छात्रा की स्थिति अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

प्रथम दृष्टया भीषण गर्मी और उमस को छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी कारणों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी। विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने की बात कही है।

Related Articles

नवीनतम लेख