33.2 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

झारखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 5 से 7 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 8 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और वज्रपात की आशंका व्यक्त करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

6 जुलाई को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।

वहीं 7 जुलाई को पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, लोहरदगा और रांची जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने जलभराव, तेज बहाव और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

8 जुलाई तक बारिश और वज्रपात के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि 8 जुलाई तक राज्यभर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी और कई स्थानों पर वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

बोलबा में सबसे अधिक बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 51.6 मिलीमीटर बारिश सिमडेगा जिले के बोलबा में दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में शनिवार को दिनभर बादल और धूप का सिलसिला चलता रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा विभाग की ताजा मौसम चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख