पलामू। पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित बिंदु बीघा गांव में गुरुवार रात मामूली विवाद के बाद हुए हमले में आठ माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार, बिंदु बीघा गांव निवासी चितरंजन पासवान ने किसी मामूली विवाद के बाद धारदार हथियार से दीपक पासवान और उनकी पत्नी रूपा देवी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दंपति का आठ माह का बच्चा भी इसकी चपेट में आ गया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक पासवान और रूपा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आरोपित गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
उधर, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन ने बताया कि घायल दीपक पासवान की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि रूपा देवी का भी इलाज जारी है।
