जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामजन्म नगर में गुरुवार देर रात घरेलू विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ऐसे समय हुई, जब शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर रही थी।
पुराने विवाद के बीच चली तीन राउंड फायरिंग
जानकारी के अनुसार, रामजन्म नगर निवासी पेंटर संजय कांडी का अपने ममेरे भाई कृष्णा सोना से पुराने विवाद और गैस सिलेंडर को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कृष्णा सोना ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली संजय के जबड़े को चीरते हुए आर-पार निकल गई। घायल संजय को तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
एसएसपी पहुंचे घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी एसपी ललित मीणा भी देर रात घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपित की गिरफ्तारी और घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
