रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कांके स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
मतदाता सूची अद्यतन रखना लोकतंत्र की मजबूती का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है।
मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने एन्यूमरेशन प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एसआईआर प्रपत्र स्वयं भरकर जमा किया।
लोगों से दूसरों को भी जागरूक करने की अपील
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर एसआईआर प्रपत्र भरने और मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जोड़ने और प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी उपस्थित रहे।
