31.9 C
Kolkata
Thursday, July 2, 2026

जमशेदपुर में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पर्स लूटकर फरार हुए बदमाश

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। बदमाश उसका पर्स लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

तीन बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी देर रात मानगो से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे तार कंपनी रोड पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अशीम ने दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे। गंभीर रूप से घायल करने के बाद बदमाश उनका पर्स लेकर मौके से फरार हो गए।

टीएमएच में भर्ती, होगी प्लास्टिक सर्जरी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, चापड़ के वार से उनके दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और उनकी प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Related Articles

नवीनतम लेख