29.8 C
Kolkata
Thursday, July 2, 2026

कोडरमा घाटी में छह वाहन आपस में टकराए, रातभर लगा जाम, सुबह बहाल हुआ यातायात

कोडरमा। रांची–पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास बुधवार रात सिलसिलेवार सड़क हादसों में करीब छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसों के कारण घाटी के दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने गुरुवार सुबह हटाकर यातायात सामान्य कराया। राहत की बात रही कि किसी भी हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

ट्रक पलटने से शुरू हुई दुर्घटनाओं की श्रृंखला

पुलिस के अनुसार, बिहार से रेडीमेड कपड़ा लेकर रांची जा रहा एक ट्रक नौवां माइल के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक पर लदे कपड़ों के कार्टन सड़क पर बिखर गए। चालक सुनील साव को मामूली चोट आई। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस क्रेन के साथ मौके पर पहुंची और ट्रक तथा बिखरे सामान को हटाने का काम शुरू किया।

हाईवा पलटी, फिर कई वाहन भिड़े

राहत कार्य के दौरान ही केटीपीएस से ऐश (डस्ट) लेकर बिहार जा रही एक हाईवा भी उसी स्थान पर पलट गई। हाईवा से सड़क पर डस्ट फैल जाने के कारण मार्ग फिसलन भरा हो गया। इसके बाद पीछे से आ रहे तीन से चार अन्य वाहन अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे पूरी घाटी में लंबा जाम लग गया।

बारिश और फिसलन बनी हादसे की वजह

थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि रात में हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। वहीं नौवां माइल का घुमावदार ढलान और चढ़ाई भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनी। देर रात तक पुलिस और राहत दल दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में जुटे रहे। गुरुवार सुबह धीरे-धीरे जाम समाप्त कर यातायात बहाल कराया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख