नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर में हुई ताजा हिंसा को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मणिपुर लंबे समय से हिंसा की आग में जल रहा है और राष्ट्रपति शासन लागू होने के बावजूद राज्य में हालात सामान्य नहीं हो सके हैं।
‘मणिपुर बेहतर भविष्य का हकदार’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि मणिपुर में एक बार फिर हिंसा और नफरत की आग में 20 से अधिक घर जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने कहा कि वर्षों से जारी हिंसा में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और अनेक परिवार उजड़ चुके हैं। मणिपुर जिस पीड़ा से गुजर रहा है, उसकी कल्पना करना भी कठिन है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति केंद्र सरकार की उस विचारधारा का परिणाम है, जो लोगों को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और पहचान के आधार पर बांटती है। राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर बेहतर भविष्य का हकदार है और इसके लिए समाज को जोड़ने तथा देश को विभाजनकारी राजनीति से ऊपर उठाने की जरूरत है।
कामजोंग जिले में हुई थी ताजा हिंसा
उल्लेखनीय है कि बुधवार को मणिपुर के कामजोंग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट नागा और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों के दौरान 20 से अधिक घरों में आग लगा दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
