33.4 C
Kolkata
Wednesday, July 1, 2026

25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भाजपा नेता माधवी लता ने जीता स्वर्ण, पूर्व डीजीपी अंजनी कुमार भी बने चैंपियन

हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और सामाजिक कार्यकर्ता माधवी लता ने हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित सैट्स शूटिंग रेंज में आयोजित 25 मीटर पिस्टल (मास्टर्स महिला वर्ग) स्पर्धा में स्वर्ण पदक

जीतकर शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने 300 में से 245 अंक अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, पुरुष वर्ग में तेलंगाना के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

बचपन से रहा शूटिंग के प्रति लगाव

माधवी लता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी जीत की जानकारी साझा करते हुए बताया कि शूटिंग के प्रति उनका लगाव बचपन से रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की कैडेट रहने के दौरान गणतंत्र दिवस प्रशिक्षण शिविर में पहली बार राइफल शूटिंग का अनुभव मिला था। वहीं से उन्हें इस खेल के प्रति अपनी रुचि और क्षमता का एहसास हुआ।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हैदराबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रहीं माधवी लता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उनके अनुसार, एक जनप्रतिनिधि को साहसी होने के साथ खेलों के प्रति भी समर्पित होना चाहिए, ताकि वह दूसरों के लिए उदाहरण बन सके। उन्होंने कहा कि मानसिक दृढ़ता के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

चोट के बावजूद प्री-नेशनल की तैयारी

माधवी लता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच प्रसन्ना को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से बेहतर प्रदर्शन संभव हो सका। उन्होंने बताया कि दाहिने कंधे में लिगामेंट टियर की चोट होने के बावजूद वह आगामी प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की तैयारी में जुटी हैं और नियमित अभ्यास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। साथ ही महिलाओं से अपने सपनों का पीछा करने, खुद पर विश्वास रखने, कड़ी मेहनत करने और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।

पूर्व डीजीपी अंजनी कुमार ने भी जीता स्वर्ण

इसी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में तेलंगाना के पूर्व पुलिस महानिदेशक और हैदराबाद के पूर्व पुलिस आयुक्त अंजनी कुमार ने भी 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।

Related Articles

नवीनतम लेख