नवादा | जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजादेवर गांव में मंगलवार की शाम को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान जयनंदन शर्मा के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं हत्या के आरोप में बड़े भाई सुधीर कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, किसी मामूली बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर सुधीर कुमार ने चाकू से अखिलेश पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अखिलेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नेमदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी भाई को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
