रामगढ़। हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय परिसर में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित अन्य अधिकारियों ने हूल क्रांति के अमर वीर शहीद सिद्धो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, फूलो मुर्मू, झानो मुर्मू, चांद मुर्मू और भैरव मुर्मू के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हूल क्रांति को बताया गौरवशाली अध्याय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि हूल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि सिद्धो-कान्हू सहित हूल आंदोलन के सभी वीर सेनानियों ने जल, जंगल और जमीन के साथ अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका त्याग, साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि हूल दिवस हमें महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को स्मरण करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर देता है। जिला प्रशासन उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन करता है।
शहीदों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने हूल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाहरणालय के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
