32.1 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

जमीन विवाद में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार की हत्या, रामगढ़ में ईंट से हमला कर उतारा मौत के घाट

रामगढ़। रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत रबोध गांव में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह हुए हमले में उनके सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

11 डिसमिल जमीन को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, बालेश्वर पटेल ने मई महीने में अपने पैतृक गांव रबोध में 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। मंगलवार सुबह वह उसी जमीन पर घर निर्माण की तैयारी के तहत सबमर्सिबल पंप लगवाकर पाइप बिछवा रहे थे। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों से कहासुनी हो गई।

आरोप है कि करीब एक दर्जन महिला और पुरुषों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल होप हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक ने सरकार पर साधा निशाना

घटना की जानकारी मिलने पर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो होप हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उनका आरोप था कि जब एक सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

Related Articles

नवीनतम लेख