जमशेदपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के सामने हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड और प्रत्युष कुमार पर जानलेवा हमले के मामले में थाना प्रभारी आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय समीक्षा में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
निरंजन कुमार को मिली बिष्टुपुर थाने की जिम्मेदारी
एसएसपी के आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद को बर्मामाइंस थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बिष्टुपुर साइबर थाना के प्रभारी मो. कुदूस को गोलमुरी यातायात थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लापरवाही पर लगातार हो रही कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय के अनुसार शहर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। सोमवार को बिष्टुपुर में हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष कुमार पर जानलेवा हमला, जबकि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से हथियार के बल पर लूट की घटना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
इससे पहले बिष्टुपुर हत्याकांड में ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही के आरोप में एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी मनोज कुमार को भी निलंबित किया जा चुका है। अब थाना प्रभारी पर कार्रवाई कर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जांच तेज, निगरानी बढ़ाई गई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच तेजी से जारी है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों या अन्य व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए गश्त, वाहन जांच और संवेदनशील इलाकों में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
