जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुई चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान टीएमएच अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बिष्टुपुर थाना के सामने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। मामले में एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बार के बाहर बढ़ा था विवाद
जानकारी के अनुसार, 27 जून की रात डबल डाउन बार में दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष बार के बाहर आ गए। इसी दौरान हिमांशु सिंह जान बचाने के लिए मौके पर मौजूद पीसीआर वाहन में घुस गया। आरोप है कि दूसरे गुट के युवकों ने पुलिस के सामने ही उसे वाहन से खींचकर बाहर निकाला और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार देर शाम हिमांशु सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मौत के बाद सड़क जाम, पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
हिमांशु की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बिष्टुपुर थाना के सामने जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
जांच के बाद तीन पुलिसकर्मी निलंबित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पीयूष पांडे ने डीएसपी स्तर के अधिकारियों की जांच टीम गठित की। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी समय रहते प्रभावी कार्रवाई करते तो घटना को रोका जा सकता था।
लापरवाही के आरोप में गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों—एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और आरक्षी मनोज कुमार—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच जारी, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
