33.6 C
Kolkata
Tuesday, June 30, 2026

जेल वैन से 14 कैदी फरार, पुलिस ने चार को दबोचा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के रावलपिंडी में अदालत से लौट रही जेल वैन से 14 कैदी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर भागने की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसमें अब तक चार फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कहूटा क्षेत्र में हुई घटना

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रावलपिंडी के कहूटा इलाके में हुई। अदालत में पेशी के बाद कैदियों को अदियाला जेल ले जाया जा रहा था। रास्ते में जांच के लिए जेल वैन रोकी गई, तभी एक कैदी ने सुरक्षाकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इस अफरातफरी का फायदा उठाकर 14 कैदी फरार हो गए।

वैन के अंदर पहले हुई थी कैदियों की झड़प

रावलपिंडी पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले जेल वैन के भीतर कैदियों के बीच जोरदार झड़प हुई थी। इसके बाद मौके का फायदा उठाकर फरारी की योजना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

10 कैदियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि अब तक चार फरार कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष 10 की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

पिछले वर्ष कराची की मालिर जेल से भूकंप के दौरान कैदियों को बाहर निकालने के समय 200 से अधिक कैदी फरार हो गए थे। उस घटना में एक कैदी की मौत हुई थी और कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। बाद में 80 से अधिक फरार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया था।

#पाकिस्तान, #रावलपिंडी, #जेलब्रेक

Related Articles

नवीनतम लेख