37.7 C
Kolkata
Monday, June 29, 2026

ट्राई की रिपोर्ट: रेल मार्ग पर जियो का नेटवर्क सबसे बेहतर, बीएसएनएल सबसे कमजोर

नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से राजस्थान और गुजरात के बीच जोधपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग पर किए गए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता परीक्षण में रिलायंस जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। कवरेज, कॉल गुणवत्ता और डाउनलोड स्पीड के मामले में जियो ने अन्य दूरसंचार कंपनियों को पीछे छोड़ दिया, जबकि बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया।

कवरेज और कॉल क्वालिटी में जियो अव्वल

ट्राई ने 4 मई को जोधपुर से अहमदाबाद के बीच 456.9 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट किया। इस दौरान एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया (वीआई) के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर वॉयस और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, जियो के 26,136 सैंपलों में केवल 685 स्थानों पर कमजोर सिग्नल मिला। एयरटेल में 1,843, वीआई में 5,150 और बीएसएनएल में 7,368 स्थानों पर कमजोर सिग्नल दर्ज किए गए। वहीं सीमित सेवा या नो कवरेज के मामले में भी बीएसएनएल सबसे पीछे रहा, जहां 1,271 स्थानों पर नेटवर्क उपलब्ध नहीं था।

कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल और जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। परीक्षण के दौरान दोनों नेटवर्क पर एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई। इसके विपरीत बीएसएनएल में 122 सफल कॉलों में से 15 कॉल ड्रॉप हुईं, जबकि वीआई में 126 सफल कॉलों में से 4 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।

डाउनलोड स्पीड में जियो, अपलोड में एयरटेल आगे

डेटा डाउनलोड स्पीड में रिलायंस जियो ने 89.61 एमबीपीएस की औसत गति के साथ पहला स्थान हासिल किया। एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 48.53 एमबीपीएस रही। वीआई की डाउनलोड स्पीड 12.71 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 7.95 एमबीपीएस दर्ज की गई।

अपलोड स्पीड में एयरटेल 11.69 एमबीपीएस के साथ पहले स्थान पर रहा। जियो की औसत अपलोड स्पीड 9.06 एमबीपीएस, वीआई की 8.81 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 3.76 एमबीपीएस रही।

ट्राई के अनुसार, परीक्षण जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी जंक्शन, समदड़ी, जालोर, भीनमाल, रानीवाड़ा, धानेरा, भीलड़ी, पाटन और महेसाणा जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों और रेलखंडों पर किया गया। इस दौरान कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप दर, सिग्नल कवरेज, डाउनलोड-अपलोड स्पीड, लेटेंसी, जिटर और पैकेट ड्रॉप जैसे प्रमुख मानकों का मूल्यांकन किया गया।

ट्राई ने बताया कि रिपोर्ट संबंधित दूरसंचार कंपनियों के साथ साझा कर दी गई है, ताकि जहां आवश्यकता हो वहां नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख