नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। हाल ही में कर्नाटक से उच्च सदन के लिए पुनर्निर्वाचित खरगे को संसद भवन स्थित सभापति कक्ष में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने शपथ दिलाई।
शपथ समारोह में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत विभिन्न दलों के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
पांच दशक से अधिक का राजनीतिक अनुभव
83 वर्षीय मल्लिकार्जुन खरगे लगातार दूसरी बार कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। वह वर्तमान में राज्यसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका राजनीतिक सफर वर्ष 1972 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद वह लगातार नौ बार विधायक चुने गए और राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 1999 से 2004 तक उन्होंने कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभाई।
राष्ट्रीय राजनीति में खरगे ने वर्ष 2009 और 2014 में कर्नाटक के गुलबर्गा लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने रेल मंत्री तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 2014 से 2019 तक वह लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता रहे।
वर्ष 2020 में पहली बार राज्यसभा पहुंचे खरगे अक्टूबर 2022 में कांग्रेस के 98वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वर्तमान में वह पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक नेतृत्व के साथ राज्यसभा में विपक्ष की प्रमुख आवाज के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
