पश्चिमी सिंहभूम। नक्सल संगठनों के “दमन विरोधी सप्ताह” को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ट्रैक हॉक के तहत 25 जून 2026 से चक्रधरपुर और मनोहरपुर रेलवे स्टेशनों के बीच नक्सल प्रभावित रेलखंड में ड्रोन के माध्यम से विशेष निगरानी एवं क्षेत्र प्रभुत्व अभियान शुरू किया है।
ड्रोन से हवाई निगरानी, संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज
अभियान के तहत अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक से पूरे रेलखंड की लगातार हवाई निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही आरपीएफ की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके और रेलवे परिचालन को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को समय रहते विफल किया जा सके।
यात्रियों और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
सोमवार को जारी बयान में रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष सुरक्षा अभियान का उद्देश्य रेलवे की संपत्तियों, यात्रियों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण रेल अवसंरचना की हर स्तर पर रक्षा सुनिश्चित करना है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और तकनीकी निगरानी व्यवस्था को भी और मजबूत बनाया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में इस अभियान को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
