37 C
Kolkata
Monday, June 29, 2026

झारखंड की तीन बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित, इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे पर करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

रांची। झारखंड की महिला हॉकी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया है। राजधानी रांची स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू हॉकी सेंटर की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी 5 से 14 जुलाई तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।

सात अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दिखाएंगी दम

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम दौरे के दौरान कुल सात अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिलेगा और उनके खेल कौशल को नई धार मिलने की उम्मीद है। यह दौरा भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

बरियातू हॉकी सेंटर ने फिर साबित की अपनी पहचान

रांची का बरियातू हॉकी सेंटर लंबे समय से महिला हॉकी प्रतिभाओं को निखारने का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ी पहले भी भारतीय टीम तक पहुंच चुकी हैं। एक साथ तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन सेंटर की बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों के समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बरियातू हॉकी सेंटर लगातार भारतीय टीम को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे रहा है, जो झारखंड में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के सफल विकास का प्रमाण है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी। उनके चयन से राज्य की युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और महिला हॉकी को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख