38.7 C
Kolkata
Tuesday, June 23, 2026

जयमाल के बाद दुल्हन का शादी से इनकार, बिना दुल्हन लौटी बारात

औरैया । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम सबलपुर में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद भी विवाह संपन्न नहीं हो सका। चढ़ावे को लेकर हुए विवाद और दूल्हे पर नशे में होने के आरोपों के बीच दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

चढ़ावे और नशे के आरोप पर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, दिबियापुर थाना क्षेत्र के देवराव गांव निवासी अंशु कुमार की बारात सबलपुर गांव पहुंची थी। बारात का स्वागत धूमधाम से किया गया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार जयमाल समेत कई रस्में भी पूरी कराई गईं। इसी दौरान चढ़ावे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस की मौजूदगी में रात भर चली पंचायत

मामले की सूचना मिलने पर सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद दुल्हन पिंकी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता संतराम ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था और तय चढ़ावा पूरा नहीं लाया था, जिससे नाराज होकर उनकी पुत्री ने यह कदम उठाया। दूसरी ओर, दूल्हा अंशु कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह सारा सामान लेकर आया था और नशे में नहीं था।

थाने में सामान वापसी के साथ समझौता

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष सहायल थाने पहुंचे, जहां कई घंटे तक बातचीत का दौर चला। अंततः आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का लेन-देन और सामान वापस कर दिया। इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और विवाद का शांतिपूर्वक निस्तारण हो गया।

Related Articles

नवीनतम लेख