31.2 C
Kolkata
Thursday, June 18, 2026

रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का आरोपी हाजत से फरार, पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

रांची। राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में एक बड़ा और नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद कोतवाली थाना हाजत से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मांडर में एक मुठभेड़ के बाद दोबारा दबोच लिया है। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंगलवार रात हुआ था पेट्रोल बम से हमला

यह पूरा मामला मंगलवार रात का है, जब दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए दो अज्ञात अपराधियों ने निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय को निशाना बनाया था। अपराधियों ने कार्यालय परिसर के अंदर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंका और मौके से तुरंत फरार हो गए थे।

SSP ने बनाई SIT, सीसीटीवी से दबोचे गए थे आरोपी

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत एक्शन में आई। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय खुफिया तंत्र को अलर्ट किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान की गई और रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रांची से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

हाजत से हुआ फरार, मांडर में पुलिस से मुठभेड़

गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कोतवाली थाना की हाजत में रखा गया था। लेकिन गुरुवार की दोपहर एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर हाजत से फरार हो गया। आरोपी के भागने की खबर से महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत उसका पीछा करना शुरू किया।

पीछा करते हुए पुलिस की टीम मांडर इलाके में पहुंची। पुलिस ने जैसे ही भाग रहे आरोपी को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लग गई। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख