31.2 C
Kolkata
Thursday, June 18, 2026

झारखंड राज्यसभा चुनाव : बैजनाथ राम और परिमल नाथवाणी जीते, प्रणव झा को मिली हार

रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुआ दिलचस्प मुकाबला खत्म हो गया है और चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवाणी ने इस चुनाव में बाजी मार ली है, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा है।

बैजनाथ राम और परिमल नाथवाणी पहुंचे राज्यसभा

झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए इस मतदान में सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनावी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैजनाथ राम की जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी, लेकिन दूसरी सीट को लेकर रस्साकसी बेहद रोमांचक थी। अंततः वोटों की गिनती के बाद नतीजे पूरी तरह साफ हो गए:

  • बैजनाथ राम (झामुमो): 29 वोट (विजयी)

  • परिमल नाथवाणी (भाजपा समर्थित निर्दलीय): 28 वोट (विजयी)

  • प्रणव झा (कांग्रेस): 19 वोट (हार)

सुदिव्य कुमार सोनू ने डाला अंतिम वोट, हेमंत सोरेन ने भी किया मतदान

मतदान प्रक्रिया के दौरान विधानसभा में भारी राजनीतिक सरगर्मी रही। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अपना वोट डाला, जबकि चुनाव का आखिरी और अंतिम वोट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कास्ट किया। एनडीए खेमा पहले दिन से ही परिमल नाथवाणी की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहा था और विधायकों का एकजुट समर्थन अंततः रंग लाया।

‘पुराने झारखंडी’ के दावे पर लगी मुहर

नामांकन के दिन से ही परिमल नाथवाणी अपने नंबर गेम को लेकर बेहद आत्मविश्वास में थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में खुद को ‘पुराना झारखंडी’ बताते हुए कहा था कि उन्होंने झारखंड के विकास के लिए बहुत काम किया है और उन्हें सभी दलों के विधायकों का स्नेह मिलेगा। चुनाव परिणामों ने उनके इस दावे और आत्मविश्वास पर अंतिम मुहर लगा दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख