37.2 C
Kolkata
Thursday, June 18, 2026

फिरोजाबाद में बड़ा बैंक घोटाला: बैंक ऑफ इंडिया से करोड़ों का सोना गायब, पूर्व मैनेजर समेत तीन नामजद

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अरांव थाना क्षेत्र के भारौल स्थित बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की शाखा से ग्राहकों का करोड़ों रुपये का सोना (गोल्ड लोन के पैकेट) गायब हो गया है। इस महाघोटाले का खुलासा होने के बाद बैंक के आंचलिक कार्यालय (आगरा) के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर बुधवार रात पूर्व शाखा प्रबंधक समेत तीन बैंक कर्मियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मुख्य चाबी धारक के गायब होने पर गहराया शक

थाना अरांव में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, बैंक शाखा के स्टाफ और मुख्य चाबी धारक (की-होल्डर) दिलीप कुमार बीते 27 मई से बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार लापता थे। उनके अचानक गायब होने से तिजोरी (स्ट्रॉन्ग रूम) से जुड़ा सारा कामकाज ठप हो गया था। बैंक प्रबंधन द्वारा संपर्क करने की तमाम कोशिशें नाकाम रहने पर अधिकारियों का संदेह गहराया, जिसके बाद इसकी लिखित सूचना आगरा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को दी गई।

डुप्लीकेट चाबी से खुली तिजोरी, तो उड़े होश

मामले की गंभीरता को देखते हुए 15 जून को आगरा कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष टीम भारौल शाखा पहुंची। पूरी पारदर्शिता के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग कराते हुए तिजोरी को डुप्लीकेट चाबी से खोला गया। जब लॉकर के अंदर की जांच की गई, तो बैंक अधिकारियों के होश उड़ गए। तिजोरी के अंदर से गोल्ड लोन के 96 पैकेट गायब थे।

हालांकि, शुरुआती एफआईआर में गायब हुए सोने का सटीक वजन और उसकी मौजूदा बाजार कीमत का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन बैंक सूत्रों और आकलनों के मुताबिक गायब सोने की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

इन तीन बैंक कर्मियों पर दर्ज हुई FIR

आंचलिक मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने निम्नलिखित कर्मियों के खिलाफ धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है:

  1. संदीप यादव (तत्कालीन शाखा प्रबंधक)

  2. दिलीप कुमार (बैंककर्मी एवं मुख्य चाबी धारक)

  3. नरेश कुमार (बैंककर्मी)

तीन आरोपी हिरासत में, जल्द होगा खुलासा

घटना के बाद पूरे बैंकिंग सेक्टर और इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिरसागंज अनिमेश कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि गोल्ड पैकेट गबन के इस बड़े मामले में नामजद तीनों बैंक कर्मियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस की स्पेशल टीम उनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अरांव ऋषि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही गायब सोने की बरामदगी के साथ पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख