30.8 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

भाजपा ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का बनाया रोडमैप, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर मंथन

रांची । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसरोकार से जुड़े अभियानों और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। इस दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क आधारित बनाने को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया।

हर महीने की 15 तारीख को होगी बैठक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों पर अमल शुरू

बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास के दौरान मिले राजनीतिक दिशा-निर्देशों के बाद कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में अब संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के लिए प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। सोमवार को इसी श्रृंखला की पहली बैठक संपन्न हुई, जिसमें पिछले एक महीने के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी रणनीतियों पर मंथन किया गया।

योग दिवस, 12 वर्ष की उपलब्धियां और किसान संगोष्ठियों का होगा आयोजन

आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बाउरी ने बताया कि 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर राज्यभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे अभियानों को और व्यापक बनाया जाएगा। इसी कड़ी में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा राज्य के प्रत्येक जिले में जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष संगोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को जागरूक किया जाएगा।

23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस और 25 जून को आपातकाल स्मृति दिवस

संगठन ने आगामी विधायी और वैचारिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की है। इसके तहत 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विभिन्न जिलों में स्मरण सभाएं और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 25 जून को देश में लगाए गए आपातकाल (इमरजेंसी) की वर्षगांठ पर लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण को लेकर देशव्यापी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी इस दिन को लोकतंत्र पर हुए प्रहार के रूप में याद करेगी।

बैठक में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानू प्रताप शाही, गीता कोड़ा और प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व पार्टी नेता उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख